home page

सहमत मांगे लागू न करने से कर्मचारियों में गुस्सा: पृथ्वी सिंह

 | 
Employees angry over non-implementation of agreed demands: Prithvi Singh

Newz World Hindi's, Sirsa
सिरसा। सर्व कर्मचारी संघ पदाधिकारियों की एक मीटिंग पटवार भवन में आयोजित की गई। जिला प्रेस सचिव व सिरसा डिपो प्रधान पृथ्वी सिंह चाहर ने बताया कि 28 अगस्त को हिसार में कमिश्नरी कार्यालय में जोनल स्तर पर होने वाले प्रदर्शन को लेकर सर्व कर्मचारी संघ जिला कमेटी ब्लॉक कमेटियां व विभागीय यूनियन व रिटायर्ड कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों की मीटिंग हुई और मीटिंग में 15 सूत्री मांगों को लेकर विस्तार से मंथन किया गया। इस मीटिंग की अध्यक्षता जिला प्रधान सोहन सिंह रंधावा ने की और संचालन जिला सचिव रमेश कुमार सैनी ने किया। जिला प्रधान सोहन सिंह रंधावा जिला सचिव रमेश कुमार सैनी व जिला प्रेस सचिव व सिरसा डिपो प्रधान पृथ्वी सिंह चाहर ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रदेश सरकार अपनी मनमर्जी करते हुए कर्मचारियों को दबाने पर ध्यान दे रही है। सरकार के कर्मचारी विरोधी रवैये के खिलाफ  आगामी 28 अगस्त को हिसार में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा इसके उपरांत मांगो व समस्याओं को लेकर ज्ञापन भी दिया जाएगा। विरोध प्रदर्शन ज्ञापन के माध्यम से मुख्य रूप से रेगुलाईजेशन नीति बनाना, पुरानी पेंशन बहाली, लिपिकों की 35400 की मांग का नोटिफिकेशन लागू करवाना, हरियाणा रोजगार कौशल विकास निगम को भंग करवाना, रिक्त पदों पर पक्की भर्ती, सभी विभागों के वर्गों की वेतन विसंगतियों को दूर करवाना, हरियाणा का अलग से वेतन आयोग गठित करवाना, राजकीय विभागों के निजीकरण पर पूर्ण तरीके से रोक लगाते हुए विस्तार करवाना सहित 15 सूत्री मांगों को उठाया जाएगा। चाहर ने बताया कि इस प्रदर्शन में सिरसा जिले से प्रत्येक विभाग से कर्मचारी पहुंचकर आवाज बुलंद करेंगे। इस मौके पर जिला प्रधान सोहन सिंह रंधावा, जिला सचिव रमेश कुमार सैनी, जिला प्रेस सचिव व सिरसा डिपो प्रधान पृथ्वी सिंह चाहर, डिपो सचिव सतपाल सिंह रानियां, रिटायर्ड कर्मचारी नेता महेंद्र सिंह शर्मा, अशोक पटवारी, शिवकुमार शर्मा, फायर से नेता सुखदेव सिंह, अध्यापक संघ से प्रधान बीरसिंह, मैकेनिकल यूनियन से प्रधान निर्मल सिंह, सचिव ओम प्रकाश, हेमसा से नेता त्रिलोकचंद, बलबीर सिंह उपस्थित थे।