धरनारत कर्मचारियों की अधिकतर मांगों पर बनी सहमति

सिरसा।
हरियाणा पीडब्ल्यूडी कर्मचारी संघ संबंधित हरियाणा राज्य कर्मचारी संघ की ओर से प्रदेश के तमाम जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी अधीक्षक अभियंता के कार्यालयों के समक्ष बुधवार को धरने प्रदर्शन किए गए।
इसी कड़ी में सिरसा में भी कर्मचारियों ने परिमंडल कार्यालय, नजदीक चौटाला हाउस बरनाला रोड बाईपास पर धरना देकर विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला प्रधान तेलुराम ने की, जबकि मुख्य वक्ता के तार पर प्रदेशाध्यक्ष कृष्ण पाल गुर्जर ने शिरकत की। मंच संचालन जिला सचिव गुरदीप सिंह ने किया।
हरियाणा पीडब्ल्यूडी कर्मचारी संघ ब्रांच प्रधान एवं जिला प्रधान शिवचरण कंडारा ने बताया कि कर्मचारियों की अधिकतर मांगों को लेकर विभाग के अधिकारियों से सहमति बन गई है, जिसके चलते धरना उठा लिया गया है। उन्होंने अधिकारियों को चेताते हुए कहा कि अगर इसके बाद भी अधिकारियों ने कोई मनमानी की तो वे फिर से धरना देने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी विभाग की होगी। इस मौके पर डबवाली ब्रांच से सचिव रामचंद्र, कालांवाली ब्रांच से कोषाध्यक्ष बलबीर सिंह, ऐलनाबाद ब्रांच से हरीकिशन कुतिनिया ब्रांच प्रधान व ब्रांच सचिव प्रताप सिंह, चोपटा ब्लॉक से चानणराम, जमना प्रसाद, सिरसा ब्रांच से ललित गुर्जर, भाल सिंह जाखड़ा, बी एंड आर से दिलिप जांगड़ा, डबवाली बी एंड आर से प्रेमपाल व नछतर सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
ये है कर्मचारियों की प्रमुख मांगें:
एचकेआरएन के तहत सभी कर्मचारियों को एलटीसी दी जाये। सभी एचकेआरएन कर्मचारियों को साबुन, डस्टर सरकार की हिदायत अनुसार दिये जाएं। विजय कुमार, वाटर पंप ऑपरेटर-।। का तबादला सब डिवीजन नंबर 03 से डिवीजन नंबर 02 सिरसा में किया जाए। रूप राम, कनिष्ठ अभियन्ता जो अब सीडीसी उप मंडल के पद पर उपमंडल नंबर 06 में है, के द्वारा जून 2021 से 2022 तक कितनी फर्जी कुटेशनें बनाई गई, की जांच मिलीभगत से खटाई में फेंक दी, जो एक संगठन के साथ धोखा हैं। इसकी जांच करवाई जाए।
एचकेआरएन के तहत कर्मचारियों के वेतन का भुगतान आज तक भी नहीं हुआ, तुरन्त वेतन दिलवाया जाये। गांव चकेरियां एचकेआरएन के गोगी सिंह पुत्र आत्मा सिंह की मृत्यु दिनांक 26 दिसंबर 2022 को ड्यूटी के दौरान हुई, को सरकार की हिदायत अनुसार तीन लाख रूपये का मुआवजा तुरन्त प्रभाव से दिलवाया जाये व उसके आश्रित को नौकरी दी जाये। एचकेआरएन के कर्मचारियों का जब से लगे, तब तक का कार्य अनुभव चढ़ाया जाये। काफी कर्मचारियों के नाम एचकेआरएन में इन्द्राज नहीं किये गये, जबकि वह आज तक विभाग में कार्यरत है, का नाम एचकेआरएन के तहत इन्द्राज करवाया जाये, जो कि 30 अप्रैल 2023 तक का समय है। ओम प्रकाश एमसीसी को वरिष्ठता के आधार पर वाटर पंप ऑपरेटर-।। की पदोन्नित दी जाये। मंडल नंबर 01 के अधीन उपमंडल ऐलनाबाद एवं मंडल नंबर 02 डबवाली के कर्मचारियों के पीएफ की राशि जमा करवाई जाये। ईपीएफ, ईएसआई, सभी सीवर मैनों की वेतन विसंगतियों को दूर किया जाये। कम्पलीट टूल किट दी जाये।