home page

नैशनल गोल्ड मैडलिस्ट प्रियंका सिहाग का टीम बीकेई ने किया स्वागत

 | 
नैशनल गोल्ड मैडलिस्ट प्रियंका सिहाग का टीम बीकेई ने किया स्वागत


सिरसा। ऐलनाबाद क्षेत्र के गांव कर्मशाना की बेटी प्रियंका सिहाग ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से महिला नैशनल कबड्डी चैंपियनशिप में खेलकर हरियाणा प्रदेश के लिए गोल्ड मैडल जीतकर प्रदेश व जिले का नाम रोशन किया। भारतीय किसान एकता (बीकेई) अध्यक्ष लखविंद्र सिंह औलख ने सिरसा बस स्टैंड पर मंगलवार को प्रियंका सिहाग का फूल मालाओं से व मिठाई खिलाकर स्वागत किया।

उन्होंने प्रियंका सिहाग व कोच संपत सिंह का स्वागत करते हुए प्रियंका सिहाग को उनके उज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। बीकेई अध्यक्ष लखविंद्र सिंह ने कहा कि होनहार बेटी प्रियंका ने हरियाणा के लिए गोल्ड मैडल जीतकर न सिर्फ अपने अभिभावकों, गांव और क्षेत्र का नाम तो रोशन किया ही है, जबकि ऐसी प्रतिभाशाली बेटियां उन मां-बाप को भी सोचने पर मजबूर कर देती हैं, जो अभी भी बेटी को बेटे से कम महत्व देते हैं या बेटियों की पढ़ाई और कोचिंग को पूरा करने में उनका सहयोग नहीं करते।

क्योंकि वर्तमान समय में लड़कियां किसी भी क्षेत्र में लड़कों से कम नहीं है। कोच संपत सिंह ने बताया कि प्रियंका ने नैशनल कबड्डी चैंपियनशिप में पहली बार सिरसा जिला को गोल्ड मैडल दिलवाया है। प्रियंका के पिता रविंद्र सिहाग ने बताया कि हमारा गांव हरियाणा के आखिरी छोर पर बसा हुआ है, जहां पीने योग्य पानी भी मुश्किल से पहुंचता है। इसके बावजूद भी बेटी ने मेहनत करके जो मुकाम हासिल किया है, वो जिलावासियों व प्रदेशवासियों के लिए बड़े गर्व की बात है। प्रियंका सिहाग एक किसान परिवार से है, जिसने अपने बुलंद इरादों से गोल्ड मैडल जीतने में सफलता हासिल की है। प्रियंका सिहाग ने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने में उसके परिवार का भरपूर सहयोग रहा है हर बेटी को उससे प्रेरणा लेनी चाहिए। उसे असल खुशी तब होगी, जब वह देश के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर लौटेगी। इस मौके पर तलविंद्र सिंह सोखी, पिंंदा काहलो, अरूण रहेजा, रविंद्र सिहाग सहित गांव के गणमान्य लोग उपस्थित थे।