यूपी एसटीएफ ने गैंगस्टर अनिल दुजाना एनकाउंटर में मारा गिराया

Mhara Hariyana News, Meerut, मेरठ। यूपी STF ने मेरठ में वीरवार को गैंगस्टर अनिल दुजाना (36) को एनकाउंटर में मार गिराया। अनिल दुजाना कुख्यात बदमाश था। उसके खिलाफ 18 मर्डर सहित करीब 62 केस दर्ज थे। मृतक नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र के दुजाना गांव का रहने वाला था। 3 साल से अयोध्या जेल में बंद था। कुछ समय पहले ही जमानत पर छूटा था। इसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस रिकार्ड के अनुसार अनिल दुजाना के खिलाफ 18 मर्डर समेत 62 से ज्यादा केस दर्ज थे। वह गिरोह बनाकर हत्या और लूट की वारदात करता था। यूपी STF पिछले 6 साल में दुजाना समेत 184 बदमाशों का एनकाउंटर कर चुकी है।
बागपत में अपनी ससुराल जा रहा था, रास्ते में एसटीएफ ने घेरा
जानकारी मुताबिक अनिल दुजाना वीरवार को बागपत अपनी ससुराल जा रहा था। वह सफेद रंग की स्कॉर्पियो में सवार था। इस दौरान मुखबिर की सूचना पर एसटीएफ ने उसे जानी भोला की झाल के पास घेर लिया। इसके बाद अनिल दुजाना ने एसटीएफ टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद एसटीएफ ने भी गोलियां चलाई। जवाबी फायरिंग में वह मारा गया। एनकाउंटर के बाद फोरेंसिक की टीम ने जब उसकी गाड़ी की चेकिंग की उसमें से कई हथियार मिले हैं।
दिल्ली, यूपी, राजस्थान और हरियाणा में भी था आतंक
अनिल दुजाना का आतंक केवल उत्तर प्रदेश तक ही नहीं था। यूपी के अलावा दिल्ली, राजस्थान और हरियाणा में भी उसका आतंक था। उस पर युपी की बुलंदशहर पुलिस ने 25 हजार और नोएडा पुलिस ने 50 हजार का इनाम रखा था।
अनिल दुजाना पर साल 2002 में पहला मामला गाजियाबाद के कविनगर थाने में हत्या का दर्ज हुआ था। उस पर गाजियाबाद के हरबीर पहलवान की हत्या का भी आरोप था। 2011 में नोएडा के एक मामले में उसे तीन साल की सजा सुनाई गई थी।
पिछले सप्ताह 2 मुकदमे हुए थे दर्ज
अयोध्या की जेल से बाहर आते ही अनिल दुजाना ने जयचंद प्रधान हत्याकांड में उसकी पत्नी और गवाह संगीता को धमकी दी थी। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ पिछले सप्ताह दो मुकदमे दर्ज किए थे। नोएडा पुलिस और यूपी STF अनिल दुजाना की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी।
पिछले दिनों 7 टीमों ने अनिल दुजाना की तलाश में 20 से ज्यादा जगहों पर छापेमारी की थी। लेकिन, दुजाना हाथ नहीं लगा। क्राइम ब्रांच का दावा है कि दुजाना मंडावली के एक बिजनेसमैन की हत्या के इरादे से घूम रहा था। वहीं, पुराने केस में पेश नहीं होने से दुजाना के खिलाफ कोर्ट ने गैर जमानती वारंट भी जारी किया था।
सुंदर भाटी ने किया दुजाना के भाई का मर्डर
अनिल दुजाना तिहरे हत्याकांड में जनवरी, 2012 में पकड़ा गया। इसी बीच सुंदर भाटी गैंग ने जनवरी, 2014 में उसके घर पर हमला किया। फायरिंग में दुजाना के भाई जय भगवान की मौत हो गई। पिता ने सुंदर भाटी समेत 8 लोगों को नामजद कराया था। इसके बाद दुजाना गैंग ने सुंदर के गुर्गे राहुल का मर्डर कर दिया था।
दिल्ली के कारोबारी से मांगी थी रंगदारी
दुजाना के गुर्गों ने जनवरी, 2019 को दिल्ली के नंदनगरी के कारोबारी से 50 लाख की रंगदारी मांगी थी। वह 9 साल बाद जनवरी, 2021 में जमानत पर बाहर आया था। फरवरी 2021 में उसने बागपत की पूजा से शादी कर ली।
16 अक्टूबर, 2021 में सिकंदराबाद के एक कारोबारी से एक करोड़ की रंगदारी मांगी। साथ ही खेड़ी गांव के प्रधान जयचंद हत्याकांड में गवाह उनकी पत्नी को भी धमकाया। इन दोनों केसों में वह वॉन्टेड चल रहा था।