home page

मुख्यमंत्री को सिरसा दौरे के समय शहर के नारकीय हालात का भी जायजा लेना चाहिए : शर्मा

प्रदेश कांग्र्रेस प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा ने शहर के हालात पर जताई चिंता
 | 
े

सिरसा। प्रदेश कांग्र्रेस प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री को सिरसा दौरे के समय शहर के नारकीय हालात का भी जायजा लेना चाहिए, ताकि उन्हें पता चल सके कि असली विकास कागजों में ही हुआ है धरातल पर नहीं।

जारी बयान में शर्मा ने कहा कि आगामी 17 सितम्बर को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर साइक्लोथोन यात्रा को झंडी दिखाने सिरसा आ रहे हैं। मुख्यमंत्री को चाहिए कि वह इस दौरान शहर की उन सडक़ों को देखें, जो गड्ढों में तबदील हो चुकी है। आए दिन खस्ताहाल सडक़ों के कारण लोग चोटिल हो रहे हैं। एक युवा चिकित्सक डा. रूमि सिंगला की सिटी थाने के बाहर बने गड्ढे के कारण मौत हो चुकी है। शर्मा ने कहा कि शहर का राऊंड लगाने के बाद मुख्यमंत्री को अपने स्वच्छता अभियान की सच्चाई भी पता चल जाएगी।

कांग्रेस नेता ने कहा कि चिट्टे के फैलते जाल ने कई घरों के चिराग बुझा दिए है। मुख्यमंत्री को उनके घर जाकर परिवार की स्थिति जानने चाहिए। राजकुमार शर्मा ने कहा कि नगरपरिषद में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है। पैच वर्क के नाम पर 50 लाख रूपए का घोटाला हुआ। नप अधिकारी सरकारी पैसा हजम कर गए। घोटाले पर घोटाले हो रहे हैं। आधे से ज्यादा तिरंगा लाइटें बद हो चुकी हैं। स्ट्रे कैटल फ्री घोषित सिरसा में जगह जगह बेसहारा पशु विचरण कर रहे हैं।  गुजरात गैस कंपनी द्वारा खुदाई के समय सीवरेज व पेयजल लाइन तोड़े जाने से घरों में सीवरेज मिश्रित पानी पीकर लोग बीमार पड़ रहे हैं। कंपनी द्वारा हाल ही में बनाई गलियों को जगह जगह से खोदकर बड़े पैमाने पर सरकारी धन की बर्बादी की जा रही है। ऑटो मार्किट में विकास की गंगा बहाने की बातें करने वालों द्वारा यहां प्रोपर्टी प्रोपर्टी का खेल खेला जा रहा है। ऑटो मार्किट की हालत यह है कि यहां वाहन लेकर तो दूर, पैदल तक निकलना मुश्किल है।

राजकुमार शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री यहां की सडक़ों पर निकलेंगे, तो उन्हें मालूम होगा कि शहरवासी भाजपा शासन में नरक भोग रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के विकास की असली तस्वीर व बढ़ते नशे से उजड़ते परिवारों की व्यथा तो मुख्यमंत्री को यहां का विस्तृत दौरा करने से ही मिलेगी, ड्राइंग रूम में बैठकर बातें करने से नहीं।