India-China Clash: भारत - चीन के बीच झड़प पर बोला अमेरिका, उकसावे की कार्रवाई कर रहा है चीन

News World Hindi's।
India-China Clash: अरुणाचल प्रदेश के तवांग में भारत और चीन सैनिकों के बीच हुई आपसी झड़प के बाद अमेरिका ने इसे चीन की उकसावेपूर्ण कार्रवाई करार दिया है।तवांग में हुए टकराव पर प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिकी विदेश मंत्रालय प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा, भारत अमेरिका का रणनीतिक साझेदार है। हम भारत के साथ दिल्ली और वाशिंगटन में लगातार संपर्क बनाए हुए हैं।
अमेरिका ने कहा कि वह भारत India के साथ है। चीन उकसावे की कार्रवाई करता है। अमेरिका अपने मित्र देशों के साथ हमेशा रहेगा। व्हाइट हाउस White House ने मंगलवार को कहा कि बाइडेन प्रशासन इस बात से खुश है कि भारत और चीन दोनों अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में हुई झड़प के बाद जल्द ही पीछे हट गए।
व्हाइट हाउस के मीडिया सचिव काराइन जीन-पियरे (Karine Jean-Pierre) ने कहा कि अमेरिका दोनों देशों के बीच के तनाव की स्थिति का बारीकी से निगरानी कर रहा है। वह दोनों पक्षों (भारत और चीन) को विवादित सीमाओं पर चर्चा करने के लिए मौजूदा द्विपक्षीय माध्यमों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं.
इसके साथ ही पेंटागन ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अमेरिकी रक्षा विभाग भारत-चीन सीमा पर एलएसी LAC के घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। पेंटागन के प्रेस सचिव पैट रायडर (Pat Ryder) ने कहा, "अमेरिका ने देखा कि चीन एलएसी के क्षेत्र में सेना जुटा रहा है। सैन्य बुनियादी ढांचे का निर्माण कर रहा है। अमेरिका तनाव की स्थिति को कम करने के लिए भारत के चल रहे प्रयासों का पूरा समर्थन करता है। "
वर्णनीय है कि अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में बीते शुक्रवार को भारत और चीनी सैनिकों के बीच झड़प हुई थी। इसमें दोनों ही देशों के सैनिकों को चोटें आईं हैं। आमने-सामने के क्षेत्र में तैनात भारतीय सैनिकों ने चीनी सैनिकों को करारा जवाब दिया है। शुक्रवार को हुई झड़प में घायल चीनी सैनिकों की संख्या भारतीय सैनिकों की संख्या से अधिक बताई गई है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संसद में कहा कि भारतीय सेना के जवानों ने नौ दिसंबर को अरुणाचल के तवांग सेक्टर के यांग्त्से क्षेत्र (Yangtse Area) में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) का उल्लंघन करने से चीनी सेना को मुंहतोड़ जवाब दिया है।
#India-China Clash, #America, #LAC