दिल्ली एक्सप्रेस वे पर तेंदुए का कार पर अटैक, गाड़ी से टकराकर हवा में उछला, रेलिंग पर गिरते ही मौत

Newz World Hindi's, Meerut। मेरठ। मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेस-वे पर टोल प्लाजा के पास मंगलवार रात कार की टक्कर में एक तेंदुए की मौत हो गई। ऐसा अनुमान है कि टोल के पास गुजरते वाहनों में एक कार के आगे अचानक तेंदुआ उछलकर आया। कार की स्पीड ज्यादा होने के कारण तेंदुए को टक्कर लगी। जिससे उसकी मौत हो गई।
मौके पर पहुंची गाजियाबाद पुलिस और वन विभाग की टीम ने जांच-पड़ताल के बाद तेंदुए के शव को मोदीनगर वन रेंज भिजवाया। इस नर तेंदुए की उम्र करीब साढ़े चार साल बताई जा रही है।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी मेरठ के कारोबारी अखिल शर्मा ने बताया कि मंगलवार शाम वो दिल्ली की तरफ से बस में बैठकर मेरठ आ रहे थे। रात के लगभग 8.30 बजे थे। हमारी बस के आगे तेज रफ्तार कार जा रही थी। जैसे ही बस कलछीना गांव के पास पहुंची तभी रेलिंग की तरफ से एक वन जीव आ गया। वन जीव ने बस के आगे चल रही कार पर हमला बोला। लेकिन कार की स्पीड इतनी ज्यादा थी कि वन जीव कार की टक्कर से हवा में उछला। उछलकर रेलिंग की तरफ जाकर गिरा।
वन जीव के टकराने के बाद फौरन वाहनों को इमरजेंसी ब्रेक लगाना पड़ा। राहगीर भी वाहन से उतरकर वनजीव को देखने लगे। देखा तो टकराने वाला जीव तेंदुआ था। जिसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। तेंदुए के आसपास खून बिखरा पड़ा था। राहगीरों ने फौरन पुलिस को घटना की जानकारी दी। जबकि कार चालक तुरंत फरार हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और वन विभाग की टीम को जानकारी दी। वन विभाग की टीम द्वारा तेंदुए को मोदीनगर वन रेंज में लाया गया।
दो महीने से मेरठ में तेंदुआ लगातार देखा जा रहा है
बता दें कि पिछले दो महीने से मेरठ में तेंदुआ लगातार देखा जा रहा है। जिसे अब तक वन विभाग नहीं पकड़ पाया है। 2 दिसंबर को टीपीनगर के ज्वालानगर में तेंदुआ दिखाई दिया था। गांधी बाग के पास आरवीसी सेंटर के पास दिखाई दिया था। पिछले पांच दिनों में ही 3 बार तेंदुआ दिखा है। जागृति विहार के कीर्ति पैलेस में भी शुक्रवार की रात सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में तेंदुआ कैद हुआ। लखमी विहार और फिर बीडीएस स्कूल के पास तेंदुआ देखा गया।
मेरठ वाला तेंदुआ होने की आशंका
एक्सप्रेस-वे पर हादसे में मरा हुआ तेंदुआ मेरठ में घूम रहा तेंदुआ माना जा रहा है। हालांकि वन विभाग अभी इस पर स्पष्ट नहीं हैं। माना जा रहा है कि तेंदुआ मेरठ के जागृति विहार में पिछले 3 दिन से घूम रहा है। वही तेंदुआ मेरठ से खेतों के जरिए एक्सप्रेस-वे की ओर गया हो। जो तेंदुए के पंजों के निशान जागृति विहार नाले के किनारे मिले थे, उसकी उम्र करीब पांच वर्ष बताई जा रही थी। जो तेंदुआ एक्सप्रेस-वे पर हादसे में मरा है, इसकी उम्र साढ़े चार साल के आसपास मानी जा रही है। ऐसे में लगता है कि यह मेरठ वाला तेंदुआ हो सकता है।
डीएफओ राजेश कुमार ने बताया कि जागृति विहार से टीम को हटा लिया जाएगा। कैंट क्षेत्र में सोमवार को जो सूचना मिली थी, उसकी दिनभर जांच पड़ताल की गई। आरआरटीएस के कर्मचारियों से भी पूछताछ की, लेकिन तेंदुए से संबंधित कोई जानकारी नहीं मिली। उन्होंने बताया कि कैंट क्षेत्र में जंगल अधिक है। तेंदुए के यहां आने की संभावना अधिक है, इसलिए क्षेत्र में सभी 17 ट्रैप कैमरे और चार पिंजरे लगे रहेंगे। आरवीसी सेंटर और गुरुद्वारा के पास अधिक कैमरे और पिंजरे लगाए गए हैं।