खेल मंत्री और खिलाड़ियों की मीटिंग पौने चार घंटे चली:अनुराग ठाकुर ने कुश्ती संघ अध्यक्ष के जवाब का इंतजार करने को कहा

Newz World Hindi's, New Delhi, नई दिल्ली। कुश्ती संघ और पहलवानों का दंगल गुरुवार देर रात केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के घर पहुंच गया। दो दिन से चल रहे धरने के बीच ठाकुर गुरुवार रात चंडीगढ़ से लौटे और पहलवानों को अपने सरकारी आवास पर डिनर के लिए बुलाया। उन्होंने खिलाड़ियों से करीब पौने चार घंटे बातचीत की और कुश्ती संघ के अध्यक्ष के जवाब का इंतजार करने को कहा।
बता दें कि बुधवार रात को खेल मंत्रालय के अधिकारियों ने खिलाड़ियों के साथ करीब एक घंटे बातचीत की थी, इसके बाद कुश्ती संघ को नोटिस भेजकर जवाब के लिए 72 घंटे काअल्टीमेटम दिया था। इसकी मियाद शनिवार रात यानी 21 जनवरी को खत्म होगी। यानी खिलाड़ियों को दो दिन इंतजार करने को कहा गया है।
खेल मंत्री के घर बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट, साक्षी मलिक, रवि दहिया, दीपक पूनिया, बबीता फोगाट समेत कई पहलवान 4 गाड़ियों से पहुंचे थे। इससे पहले ठाकुर ने चंडीगढ़ में कहा था- खेल मंत्रालय ने WFI को नोटिस भेजकर 72 घंटे में जवाब मांगा है। आगामी शिविर भी तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है। मैं दिल्ली जा रहा हूं और पहलवानों से मिलूंगा।
इधर, WFI के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने कहा- मैं इस्तीफा नहीं दूंगा। मेरे खिलाफ कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा के इशारे पर राजनीति हो रही है। जो आरोप लगा रहे हैं, उनका करियर खत्म हो गया है। ज्यादातर पहलवान एक ही कम्युनिटी से हैं। पार्टी का जो आदेश मिलेगा, उसी को मानूंगा।
मंत्रालय से बातचीत से खुश नहीं थे पहलवान
भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ जारी देश की महिला पहलवानों के मोर्चे के बाद गुरुवार को मंत्रालय ने पीड़ित खिलाड़ियों को बातचीत के लिए बुलाया और उनसे करीब एक घंटे तक बातचीत की। बातचीत से पहलवान संतुष्ट नहीं हैं। उनकी मांग पहले WFI अध्यक्ष को हटाने की थी, अब वे कुश्ती संघ को भंग कराना चाहते हैं। उन्होंने कहा- मांग पूरी होने तक उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
इधर, हरियाणा की खाप पंचायतें भी धरने में पहुंच सकती हैं। गुरुवार को फोगाट खाप के आह्वान पर सर्वजातीय सर्व खाप पंचायत हुई। इसमें तय किया गया कि अगर पहलवानों की मांगे न मानी गईं तो दो दिन में खाप पंचायतें धरने में शामिल होंगी।
बता दें कि WFI अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह और कुछ कोच पर ओलिंपिक विजेता खिलाड़ियों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। दिल्ली के जंतर-मंतर पर 200 से ज्यादा खिलाड़ी बुधवार यानी 18 जनवरी से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। आरोपों के बाद खेल मंत्रालय भी मामले को लेकर तुरंत एक्टिव हो गया। बुधवार देर रात उसने कुश्ती संघ को नोटिस भेजा और 72 घंटे में जवाब देने को कहा। ऐसा न करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दे डाली। खेल मंत्रालय से मीटिंग खत्म होने के बाद पहलवानों ने मीडिया से बातचीत की।