हरियाणा के पांच जिलों में हो सकती है भारी बरसात, चलेंगी तेज हवाएं

चंडीगढ़
हरियाणा में आज वीरवार से फिर तेज बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने हरियाणा के 10 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तर हरियाणा के 5 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इनमें पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर की स्पीड से हवाएं चलने की संभावना जताई है। वहीं मानसून सीजन में अब तक 44% ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। 1 जून से अब तक सूबे में 337.9 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।
उत्तर हरियाणा के 5 जिलों के अलावा अंबाला, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, जींद जिलों को भी अलर्ट पर मौसम विभाग ने रखा है।
अगस्त में कम बारिश हुई
मानसून सीजन में अब तक खूब बारिश हो चुकी है। हालांकि हरियाणा में अभी तक अगस्त में सामान्य से 49% कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। सूबे में 1 अगस्त से अब तक 22.5 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि सामान्य रूप से 43.7 मिलीमीटर बारिश होती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इसकी वजह मानसून टर्फ का पश्चिमी छोर सामान्य स्थिति के उत्तर में हिमालय की तहलटियों की तरपु बढ़ना है।
उमस से बढ़ रहा आई फ्लू
बाढ़ ग्रस्त इलाकों में उमस के कारण आई फ्लू तेजी से बढ़ रहा है। 24 घंटे में 606 गांव और 33 शहरी क्षेत्रों में 400 नए केस आए हैं, जिसके बाद अब इनकी संख्या 8148 तक पहुंच गई है। हरियाणा में बाढ़ग्रस्त इलाकों में अब तक बुखार के 12184 मामले आ चुके हैं। 24 घंटे में इसके 266 नए मामले मिले हैं।
पेट संबंधी रोगियों की संख्या में 45 की वृद्धि हुई है, इनकी संख्या अब 2941 पर पहुंच गई है। त्वचा संबंधी रोगियों की संख्या बढ़कर 15622 तक पहुंच गई है।